Friday, June 9, 2023
No menu items!
Homelatest newsममता दीदी सो रही हैं, एक वर्ग को दे रही हैं संरक्षण...

ममता दीदी सो रही हैं, एक वर्ग को दे रही हैं संरक्षण व बिहार में लौटा जंगलराज: अनुराग ठाकुर

ममता दीदी सो रही हैं, एक वर्ग को दे रही हैं संरक्षण व बिहार में लौटा जंगलराज: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को रामनवमी उत्सव के दौरान राज्यों में सांप्रदायिक झड़पों को लेकर बिहार और पश्चिम बंगाल सरकारों पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने यहां राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जीतो अहिंसा दौड़ को संबोधित किया। ठाकुर ने हिंसा को लेकर बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य में जंगलराज लौट आया है।
बंगाल हिंसा पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि  रामनवमी के समय जैसे बंगाल और कुछ अन्य राज्यों में हिंसा हुई, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। ममता दीदी सो रही हैं, एक वर्ग को संरक्षण दे रही हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक सीएम के नाक तले हिंदुओं पर हमला होता है और वे मुकदर्शक बनी रहती हैं। अनुराग ठाकुर ने बंगाल हिंसा पर आगे कहा कि कानून व्यवस्था कैसे चरमराती है, इसकी सबसे बड़ी रोल मॉडल ममता बनर्जी हैं। एक वर्ग के साथ खड़े होकर हिंदुओं के खिलाफ हिंसा करने के लिए उकसाया कैसे जाता है वह ममता बनर्जी के बोलों से नज़र आता है। ममता जी, थोड़ी तो ममता दिखाइए।
अनुराग ठाकुर ने मीडिया से कहा कि मैं इतना ही कहूंगा कि जिस तरह से बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और जंगलराज आ गया है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि लालू शासन के दौरान जो जंगलराज था, वह तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से लौट आया है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में रामनवमी उत्सव के दौरान हुई हिंसा भी बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में 30 मार्च को रामनवमी समारोह के दौरान हावड़ा में दो समूह आपस में भिड़ गए। कई वाहनों में आग लगा दी गई और सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को कहा कि कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, दो मामले दर्ज किए गए हैं और कुछ इलाकों में धारा 144 लगाई गई है। बिहार में, 31 मार्च को नालंदा के बिहार शरीफ और रोहतास जिले के सासाराम में झड़प की सूचना मिली थी, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा होने वाला था। बिहार पुलिस ने रविवार को कहा कि सासाराम और नालंदा जिले के बिहार शरीफ में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। असामाजिक तत्वों की पहचान के बाद घटना के सिलसिले में नालंदा में 27 और सासाराम में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और नालंदा में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है।
 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments