#LatestsportNews #sportNews #sportUpdate #technlogyNews #sportHindiNews

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की. मोदी और मैक्रों की चर्चा रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने और उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों में विस्तारित करने पर केंद्रित होगी. दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे और भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे.
राष्ट्रपति मैक्रों प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. वह भारत में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेंगे और मुंबई में मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन करेंगे.
राष्ट्रपति मैक्रों की यह भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है. इससे पहले दिन में, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया.
इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार तड़के मुंबई पहुंचे और उन्होंने अपने दिन की शुरुआत कोस्टल रोड के पास मरीन ड्राइव पर ‘जॉगिंग’ के साथ की. मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों ने बाद में दक्षिण मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की. मैक्रों ने मरीन ड्राइव पर ‘जॉगिंग’ के साथ दिन की शुरुआत की, उनके साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी थे. मुंबई पुलिस ने भी आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा की हुई थी.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यात्रा और द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर उत्साहित है. मोदी ने ‘एक्स’ पर मैक्रों की एक ‘पोस्ट’ पर टिप्पणी करते हुए यह बात कही.


