दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती के साथ शुरू हुआ जैन समाज का धार्मिक सम्मान समारोह

0
2
दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती के साथ शुरू हुआ जैन समाज का धार्मिक सम्मान समारोह

मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में जैन समाज की ओर से भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य आचार्य श्री के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती के साथ हुई। इस अवसर पर पूरा वातावरण धार्मिक श्रद्धा और गुरु भक्ति से ओतप्रोत नजर आया।

समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण के माध्यम से मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का मंच पर मंगल आगमन हुआ, श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पूज्य गुरुदेव का स्वागत किया। इसके बाद उनके चरणों में दीप प्रज्ज्वलित किया गया और विधिवत आरती उतारी गई।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, सन्मार्ग और समाज सेवा से जुड़े जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने अमृत वचनों के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। उनके प्रवचन से समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इसी अवसर पर जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री के पावन सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने श्री असीम अरुण जी की उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जैन समाज ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना भी की।

सम्मान समारोह के दौरान श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज को श्रीफल अर्पित किया और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज द्वारा किए गए स्वागत और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया। मंत्री जी ने समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

अपने संबोधन में श्री असीम अरुण जी ने जैन समाज के सामाजिक एवं धार्मिक मूल्यों की प्रशंसा करते हुए कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”

उन्होंने जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवनशैली को भी प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”

मंत्री श्री असीम अरुण जी ने जैन समाज द्वारा अहिंसा के मार्ग का अनुसरण करते हुए सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन की संकल्पित जीवनशैली की सराहना की। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, परोपकार और समाज कल्याण के क्षेत्र में जैन समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलन और आरती से प्रारंभ हुआ यह आयोजन धार्मिक आस्था, गुरु भक्ति, सम्मान और समाज सेवा के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

 

 

भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ